जन्माष्टमी को लेकर अहार पुलिस ने बामनपुर में निकाला फ्लैग मार्च।

डीके निगम संवाददाता बुलंदशहर
बुलंदशहर/अहार/श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार देर शाम थाना अहार पुलिस ने गांव बामनपुर में फ्लैग मार्च निकाला। थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज शर्मा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने गांव के प्रमुख मार्गों पर पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च मुख्य मार्ग से शुरू होकर गांव के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होता हुआ शिव मंदिर गेट पर पहुंचकर संपन्न हुआ। पुलिस ने ग्रामीणों से जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की।
गांव बामनपुर में प्रत्येक वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। इस वर्ष 3 सितंबर को जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसमें गांव के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज शर्मा ने कहा कि त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ समाजसेवी बलजीत लोधी, विक्रम सिंह, रौदास सिंह, बबलू राघव, राजकुमार लोधी आदि मौजूद रहे।






