जनसागर टुडे
आजमगढ़ जहानागंज – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
डॉ. अनिल कुमार ने मंगलवार को थाना जहानागंज का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर भी मौजूद रहीं। एसएसपी ने थाना कार्यालय में जनसुनवाई, महिला अपराध, भूमि विवाद, मिशन शक्ति, एससी/एसटी, त्योहार और अपराध से संबंधित रजिस्टरों का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।थाना परिसर के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, मुकदमों के निस्तारण, लावारिस वाहनों के निस्तारण तथा अभिलेखों के बेहतर रख-रखाव पर विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं का अभियान चलाकर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के साथ ही थाने पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों का निष्पक्ष और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।भूमि विवाद के मामलों में राजस्व अधिकारियों के साथ समन्वय कर मौके का निरीक्षण करने तथा साइबर अपराध में त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम को संबंधित खातों में होल्ड कराने और नियमानुसार पीड़ितों को वापस दिलाने के निर्देश दिए गए।एसएसपी ने थाने के भोजनालय का भी निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं साइबर सेल और जनसुनवाई में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने के लिए निर्देशित किया गया। इनमें महिला आरक्षी नेहा सिंह, आरक्षी धर्मपाल यादव, आरक्षी संदीप, महिला आरक्षी शिखा सिंह, महिला आरक्षी संजू कुशवाहा, महिला आरक्षी अंजली पासवान और महिला आरक्षी ममता यादव शामिल हैं।एसएसपी ने थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध की रोकथाम तथा महिला एवं साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के साथ आमजन की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।






