जनसागर टुडे
आजमगढ़ मेहनाजपुर / सूरज सिंह – आजमगढ़ जनपद में नकल माफिया एवं सॉल्वर गैंग के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में मेहनाजपुर थाना पुलिस ने परीक्षा में अपने स्थान पर सॉल्वर बैठाकर परीक्षा दिलाने के मामले में एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रकरण के अनुसार, दिनांक 30 अक्टूबर 2025 को गांधी इंटर कॉलेज कूबा, आजमगढ़ में डीएलएल तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित की जा रही थी। परीक्षा के दौरान अनुक्रमांक 7090142259 पर हवलदार यादव के स्थान पर मोनू यादव नामक फर्जी परीक्षार्थी परीक्षा देते हुए पाया गया। चेकिंग के दौरान जब विद्यालय स्टाफ एवं पुलिसकर्मियों ने उससे पहचान संबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड आदि दिखाने को कहा तो वह विद्यालय की बाउंड्री फांदकर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, पुलिसकर्मियों एवं विद्यालय स्टाफ ने उसे पकड़ लिया। इस संबंध में थाना मेहनाजपुर पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर मामले की विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्रकाश में आए वांछित अभियुक्त हवलदार यादव पुत्र राजेन्द्र यादव, निवासी ग्राम भेडियाधर, थाना चिरैयाकोट, जनपद मऊ, उम्र करीब 28 वर्ष को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में दिनांक 25 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने पूछताछ के उपरांत करीब 11:10 बजे हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त पर आरोप है कि उसने सरकारी नौकरी प्राप्त करने के उद्देश्य से अपने स्थान पर सॉल्वर बैठाकर परीक्षा दिलाई थी। मामले में गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
अपराध करने का तरीका:
सरकारी नौकरी प्राप्त करने के उद्देश्य से अपने स्थान पर दूसरे व्यक्ति (सॉल्वर) को बैठाकर परीक्षा दिलाना!!






