जनसागर टुडे
आजमगढ़ – अग्रवाल धर्मशाला में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की प्रांतीय अध्यक्ष समन्वय समिति की बैठक में ऑनलाइन ट्रेडिंग एवं प्रत्यक्ष विदेशी निवेश पर रोक लगाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। व्यापारियों ने कहा कि ऑनलाइन ट्रेडिंग और एफडीआई से छोटे एवं पारंपरिक व्यापारियों के कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। बैठक में बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर और नगर विकास से जुड़ी समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
प्रांतीय अध्यक्ष बनवारीलाल कंछल ने बताया कि संगठन का प्रांतीय चुनाव 17 व 18 अप्रैल 2027 को लखनऊ के मोतीनगर स्थित महाराजा अग्रसेन विद्यालय में आयोजित होगा। उन्होंने सभी जनपदों के प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर चुनाव को सफल बनाने की अपील की। बैठक में बताया गया कि प्रदेश सरकार शहरी क्षेत्रों में कम चौड़ी सड़कों के किनारे छोटे उद्योग स्थापित करने की अनुमति देने के लिए एमएसएमई नीति में संशोधन की तैयारी कर रही है। इससे स्वरोजगार और लघु उद्योगों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई। साथ ही औद्योगिक पार्कों में संपर्क मार्ग, बाउंड्री फेंसिंग, आंतरिक सड़क, जल निकासी, फुटपाथ, हरित पट्टी, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं सीवरेज जैसी आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया गया। बैठक में वरिष्ठ महामंत्री सचिन कंछल, नगर अध्यक्ष मनोज बरनवाल, उपाध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता, कोषाध्यक्ष कमल कुमार गुप्ता, महामंत्री जयप्रकाश सेठ, जिला अध्यक्ष पदमाकर लाल वर्मा, सराफा अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, विकास सेठ, गोलू लल्लन सेठ, पवन कुमार अग्रवाल, युवा महामंत्री संजीव कुमार गुप्ता, अरविंद जायसवाल, शारदा जायसवाल, दीपक सेठ, शाहिद कुमार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






