जनसागर टुडे
आजमगढ़ मेहनाजपुर सिधौना – आजमगढ़ मेहनाजपुर थाना के अंतर्गत बरवां निवासी कांग्रेस के समर्पित और वरिष्ठ नेता तपेश्वर तिवारी जी का 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से आजमगढ़ सहित पूरे क्षेत्र के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके परिवार के सदस्यों के अनुसार बीते 17 जून को बाथरूम में अचानक पैर फिसलने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट आ गई थी। सिर में लगी चोट की वजह से उन्हें ब्रेन हैमरेज (मस्तिष्क में रक्तस्राव) हो गया, जिसके बाद से वे लगातार कोमा में थे। चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके दो बेटे अखिलेश तिवारी मिथिलेश तिवारी चार बेटियां और चार पौत्र हैं। स्नातक एमएलसी प्रतिनिधि अनुराग तिवारी ने कहा कि
तपेश्वर तिवारी जी का शुरुआती दिनों से ही कांग्रेस पार्टी के प्रति गहरा जुड़ाव और अटूट निष्ठा रहा। उन्होंने संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया | उन्होंने दक्षिण भारतीय राज्यों में पार्टी के पर्यवेक्षक के रूप में काम कर संगठन को मजबूती दी।
आजमगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी में स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की आवाज बनते हुए वे लंबे समय तक जिला उपाध्यक्ष के पद पर रहे। उन्होंने एमएलसी प्रतिनिधि के रूप में भी क्षेत्र की जनता और संगठन के लिए सेवाएं दीं। राजनीति के अलावा वे व्यापारिक और सामाजिक क्षेत्र में भी बेहद सक्रिय थे। वे भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के लाइफ टाइम अध्यक्ष क्लब सदस्य के रूप में भी कार्यरत रहे।






