5 दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर SBI कर्मचारियों का प्रदर्शन, काली पट्टी बांधकर जताया विरोध।
जनसागर टुडे गगन बंसल संवाददाता
जहाँगीराबाद। अपनी लंबित मांगों को लेकर बैंक कर्मियों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में कर्मचारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। शुक्रवार को बैंक के समस्त स्टाफ ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर कार्य किया और केंद्र सरकार से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे क्षेत्रीय सचिव ब्रजेश कुमार शर्मा ने कहा कि बैंक कर्मचारी लंबे समय से सप्ताह में केवल पांच दिन कार्य करने की मांग कर रहे हैं। उनके अनुसार अन्य सरकारी विभागों और कई निजी क्षेत्रों में 5-दिवसीय कार्य सप्ताह पहले से लागू है, तो बैंक कर्मियों के साथ भेदभाव क्यों है, बढ़ते कार्यभार और ग्राहकों की बढ़ती संख्या के कारण बैंक कर्मियों पर मानसिक दबाव अत्यधिक बढ़ गया है। सप्ताह में दो दिन के अवकाश से कर्मचारी अपने परिवार को समय दे सकेंगे, जिससे उनकी कार्यक्षमता और बैंक की सेवा गुणवत्ता में सुधार होगा।शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराते हुए कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि यह केवल शुरुआत है। यदि सरकार और बैंक प्रबंधन ने उनकी मांगों पर जल्द ही कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में इस आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन में शाखा के कर्मचारी एकजुट नजर आए। मौके परजितिन यादव, पवन उपाध्याय, नितेश वर्मा, विपिन कुमार, नाहर सिंह, प्रेम सिंह एवं अन्य स्टाफ सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
”हम केवल अपने हक की मांग कर रहे हैं। वर्तमान कार्यप्रणाली न केवल शारीरिक रूप से थकाने वाली है, बल्कि यह हमारे सामाजिक जीवन को भी प्रभावित कर रही है। सरकार को जल्द से जल्द इस पर मुहर लगानी चाहिए।”
ब्रजेश कुमार शर्मा
क्षेत्रीय सचिव






