जनसागर टुडे
आजमगढ़ / अजय सिंह – आजमगढ़ शिब्ली नेशनल कॉलेज, आजमगढ़ में मंगलवार को महान शिक्षाविद्, इतिहासकार एवं विचारक अल्लामा शिब्ली नोमानी की स्मृति में शिब्ली डे समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार रहे, जबकि अध्यक्षता द आजमगढ़ मुस्लिम एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. शौकत अली ने की। समारोह में शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए 29 विद्यार्थियों को नेट एवं जेआरएफ तथा 13 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। साथ ही दो पुस्तकों का विमोचन भी हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ एनसीसी एएनओ डॉ. आसिम खान के नेतृत्व में मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान करने के साथ हुआ। इसके बाद कारी मोहम्मद आसिफ ने तिलावत-ए-कलाम पाक प्रस्तुत किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अफसर अली ने मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. संजीव कुमार, कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. शौकत अली, प्रबंध समिति के अध्यक्ष अबूसाद अहमद शम्सी एवं सचिव अनवर अहमद का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। डॉ. शौकत अली ने मुख्य अतिथि को शॉल एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।
मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर फहमीदा जैदी ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए शिब्ली डे के ऐतिहासिक एवं शैक्षिक महत्व पर प्रकाश डाला। समारोह में शिक्षकों ने अल्लामा शिब्ली नोमानी के जीवन, विचारों, शिक्षा एवं समाज सुधार के क्षेत्र में उनके योगदान और वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त किए। सैन्य विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मोनिस अब्बास, अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सरफराज नवाज तथा उर्दू विभागाध्यक्ष प्रोफेसर मोहम्मद ताहिर ने विचार रखे।प्रोफेसर मोहम्मद ताहिर ने कहा कि अल्लामा शिब्ली नोमानी ने जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना किया, लेकिन शिक्षा, लेखन और समाज सुधार के मिशन से कभी पीछे नहीं हटे। वहीं प्रबंध समिति के सचिव अनवर अहमद ने कहा कि शिब्ली साहब के विचारों का सार सभी को साथ लेकर चलना है।
मुख्य अतिथि कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सफलता के पांच महत्वपूर्ण सूत्र बताए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने जीवन का लक्ष्य स्पष्ट रखना चाहिए, मोबाइल के उपयोग में समय प्रबंधन करना चाहिए, आत्मविश्वास बनाए रखना चाहिए, निरंतर अभ्यास करना चाहिए तथा शिक्षकों का सम्मान करना चाहिए। इन पांच सूत्रों को अनुशासन के साथ जीवन में अपनाने से सफलता की राह आसान होती है।समारोह के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के पक्ष एवं विपक्ष में विद्यार्थियों ने वाद-विवाद प्रतियोगिता के माध्यम से अपने विचार रखे। बीएड की छात्रा अफीफा समरीन एवं बीएससी की छात्रा इरम जाहिर ने पक्ष-विपक्ष में विचार प्रस्तुत किए। इसी क्रम में एमएससी की छात्रा नायफा फखर तथा बीएससी की छात्रा मारिया बानो ने भी अपने विचार रखे। बीए पंचम सेमेस्टर की छात्रा अफीफा आरिफ ने ‘अल्लामा शिब्ली एक शिक्षाविद् के रूप में’ विषय पर निबंध प्रस्तुत किया, जबकि छात्रा फलक बानो ने नज्म पेश की।
शिब्ली पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित रंगोली, पेंटिंग, कैलीग्राफी, निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, बैतबाजी, जौक-ए-अदब, रील एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। रंगोली, कला, साहित्य, भाषण एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अल्लामा शिब्ली नोमानी की शैक्षिक एवं साहित्यिक विरासत को जीवंत किया।समारोह का मुख्य आकर्षण महाविद्यालय के विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान रहा। नेट एवं जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले 29 विद्यार्थियों तथा गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले 13 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की मेहनत एवं उपलब्धियों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर प्रोफेसर मोहम्मद ताहिर एवं प्रोफेसर मोहम्मद खालिद की पुस्तकों का विमोचन किया गया। प्रोफेसर मोहम्मद खालिद की पुस्तक “Revisiting Allama Shibli Nomani’s Educational Vision: Contemporary Relevance and Institutional Challenges” अंग्रेजी एवं उर्दू भाषाओं में प्रकाशित हुई है। पुस्तक में अल्लामा शिब्ली नोमानी के शैक्षिक दृष्टिकोण, वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता तथा संस्थागत चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई है।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. शौकत अली ने विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन अल्लामा शिब्ली नोमानी की विचारधारा एवं शैक्षिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। कार्यक्रम का संचालन अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रोफेसर मोहम्मद खालिद एवं बीएड विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर सीमा सादिक ने किया। अंत में प्राचार्य प्रोफेसर अफसर अली ने अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों की मांग पर उन्होंने अगले दिन सार्वजनिक अवकाश की घोषणा भी की। समापन पर महाविद्यालय की तराना टीम ने कॉलेज तराना प्रस्तुत किया, जिसके बाद राष्ट्रगान एवं सामूहिक फोटोग्राफ के साथ समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






