डीके शर्मा बने भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री
किसानों और आमजन की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का मिला प्रतिफल, कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी
डीके निगम संवाददाता
अहमदगढ़ (बुलंदशहर)। क्षेत्र में लंबे समय से किसानों और आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर शासन-प्रशासन तक पहुंचाने वाले अहमदगढ़ निवासी डीके शर्मा को भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा में जिला मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उनकी नियुक्ति की घोषणा भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान एवं किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ललित जादौन ने की। बताया गया कि डीके शर्मा पिछले कई वर्षों से क्षेत्र में सक्रिय रहकर किसानों और आम जनता की समस्याओं को उठाते आ रहे हैं। उनकी सक्रियता, जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।
डीके शर्मा को जिला मंत्री बनाए जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। वहीं डीके शर्मा ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। किसानों के हितों और क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा एवं सक्रियता से कार्य करते रहेंगे।






