मौहरसा में बाराही मैया जात मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

नौनिहालों की लगाई जात, सुख-समृद्धि की कामना लेकर पहुंचे श्रद्धालु; विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ मेले का शुभारंभ
अहार (बुलंदशहर)। अहार क्षेत्र के गांव मौहरसा स्थित प्राचीन चामुंडा देवी मंदिर परिसर में शनिवार को बाराही मैया के जात मेले में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आसपास के गांवों और कस्बों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाराही मैया के दर्शन कर अपने नौनिहालों की जात लगाई और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए माता का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा।
मेले का शुभारंभ सुबह समाजसेवी धर्म सिंह लोधी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया। प्राचीन परंपरा के अनुसार आयोजित होने वाले इस मेले का क्षेत्र में विशेष धार्मिक महत्व है। मेले में छोटे बच्चों की जात लगाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की।
महाभारत काल से जुड़ी है मेले की मान्यता
ग्रामीण बुजुर्गों के अनुसार, द्वापर युग में कुंदनपुर के राजा भीष्मक द्वारा राजकुमारी रुक्मिणी के स्वयंवर के दौरान श्रीकृष्ण भगवान के साथ जाने वाले सेनापति एवं सेना के सदस्यों ने अपने सिर पर मोहर रखा था। इसी परंपरा के आधार पर उनके भाई और सेनापति ने इस स्थान का नाम मौहरसा रख दिया था। कालांतर में यहां गांव बस गया। मान्यता है कि इसी दौरान बाराही मैया की स्थापना हुई थी। तभी से गांव में चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी और आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी को मेले का आयोजन होता आ रहा है।
कई कस्बों से पहुंचे श्रद्धालु, दिनभर रही चहल-पहल
बाराही मैया के इस प्राचीन मेले में स्याना, गुलावठी, खुर्जा, अनूपशहर, जहांगीराबाद और ऊंचागांव सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से शुरू हुआ भीड़ का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। मेले में विभिन्न प्रकार के सामान की दुकानें सजी रहीं, जहां लोगों ने खरीदारी की। मेले में बच्चों और परिवारों की भीड़ से पूरे परिसर में चहल-पहल बनी रही।
सुरक्षा के रहे इंतजाम, देर शाम हुआ समापन
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस दिनभर गश्त करती रही। श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच पुलिस की निगरानी जारी रही। देर शाम विधि-विधान के साथ बाराही मैया के जात मेले का समापन हुआ।
इस अवसर पर अनुज शर्मा, राहुल कुमार, होशियार सिंह, रवि सिंह, उमेश लोधी, सुरेश शर्मा, बदन सिंह, वीरपाल सिंह, घनश्याम सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।






