जर्जर सहकारी समिति के कायाकल्प की भाजपा नेता ने उठाई मांग, मुख्यमंत्री को भेजा पत्र

डीके शर्मा ने नए भवन, बाउंड्रीवॉल, पेयजल और परिसर के सौंदर्यीकरण की उठाई मांग।
डीके निगम संवाददाता
बुलंदशहर/अहमदगढ़/बुलंदशहर/गांव अहमदगढ़ स्थित साधन सहकारी समिति की जर्जर बिल्डिंग के पुनर्निर्माण और परिसर का कायाकल्प कराने की मांग उठी है। भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष डीके शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया है।
उन्होंने बताया कि समिति भवन जर्जर होने से हादसे का खतरा बना हुआ है। बाउंड्रीवॉल न होने के कारण परिसर में कूड़ा जमा रहता है और आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। किसानों को बैठने और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं।
डीके शर्मा ने नए भवन का निर्माण, भूमि की पैमाइश कराकर बाउंड्रीवॉल बनवाने, नियमित साफ-सफाई, वृक्षारोपण, फूलवारी विकसित करने तथा सामने स्थित मैदान में इंटरलॉकिंग कराने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देने की अपील की, ताकि किसानों को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।






