जनसागर टुडे
परिवार में मचा कोहराम, मां का रो-रोकर बुरा हाल
तरवां आजमगढ़ – जनपद आजमगढ़ के तरवां थाना क्षेत्र के आराजी फूलाईच गांव निवासी 19 वर्षीय अभय विश्वकर्मा की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। वह गोरखपुर में प्राविधिक परीक्षा देने के लिए घर से निकला था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की मां रीता देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है | प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभय विश्वकर्मा पुत्र सूबेदार विश्वकर्मा 14 अक्टूबर की शाम गोरखपुर में परीक्षा देने के लिए घर से निकला था। उसने गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन से कृषक एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ी थी। बताया जा रहा है कि ट्रेन बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र के तेंदुआ गांव के पास पहुंची, तभी रेलवे पोल संख्या 37 के निकट हादसा हो गया। घटना का समय रात करीब 8:21 बजे बताया जा रहा है। हादसे की जानकारी मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आ सकी है| बताया जाता है कि अभय अपने तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परीक्षा देने निकले बेटे की मौत की खबर से मां रीता देवी और परिजनों का बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं।






