- *भाजपा सरकार का गड्ढा मुक्त आदेश कागजों तक सीमित, रामघाट क्षेत्र की सड़कें बदहाल*

*रामघाट/डिबाई (बुलंदशहर)।* भाजपा सरकार का गड्ढा मुक्त सड़कों का आदेश कागजों पर ही सिमट कर रह गया है। क्षेत्र की सड़कों में गहरे गड्ढों से हो रही दुर्घटनाओं को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कर गड्ढे भरवाने की अपील की गई है।
डिबाई के वार्ड नंबर 44 के पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं सपा नेता चंद्रकेश बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार ने सरकार बनने के बाद प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त रखने के सख्त निर्देश दिए थे, लेकिन थाना रामघाट क्षेत्र की सड़कों का बुरा हाल है।
बघेल ने बताया कि जरगवां से अलीगढ़-बुलंदशहर सीमा तक, फौजी चौराहे से बेलौन तक और जरगवां से कुढ़ैनी तक सड़कों में जगह-जगह गहरे और चौड़े गड्ढे पड़े हुए हैं, जिसके कारण आए दिन बाइक सवार और स्कूली बच्चे निकलने के लिए बेहद परेशान हैं।उन्होंने बताया कि अलीगढ़-रामघाट कल्याण सिंह मार्ग पर जरगवां के पास धर्मेंद्र लोधी की रोड़ी-बदरपुर की दुकान के पास तथा बॉर्डर के समीप लतेश लोधी के घर के सामने बीच सड़क में गहरा गड्ढा होने से आए दिन बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं, लेकिन भाजपा नेता व लोक निर्माण विभाग के अधिकारी बेखबर हैं।
सपा नेता चंद्रकेश बघेल ने लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों से सड़कों को जल्द गड्ढा मुक्त कराने की अपील की है।






