धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, गूंजे ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे
जनसागर टुडे गगन बंसल 
जहांगीराबाद। नगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पूरी भव्यता, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही नगर के प्रमुख मंदिरों में विशेष सजावट की गई थी, जहां विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की गई। इस पावन अवसर पर महिलाओं, बच्चों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला, जिससे पूरा जहांगीराबाद कृष्ण भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। नगर के नन्ना गिर मंदिर पर एक विशेष सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सुबीन भारद्वाज ने शिरकत की। यहाँ श्रद्धालुओं ने भगवान की आराधना कर नगर में सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं क्षेत्रीय विधायक संजय शर्मा ने लाल कुएँ स्थित शीश महल मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और नगर व देशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म और कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इसके बाद विधायक सब्जी मंडी चौराहे स्थित किले वाले मंदिर पहुँचे, जहाँ उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का एक अहम हिस्सा है। इस दौरान कुँवर नागेश प्रताप सिंह, कुँवर चेतन प्रताप सिंह और राजू सिंघल ने विधायक को पटका पहनाकर व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। यात्रा के अगले चरण में विधायक गोसाईं वाले मंदिर पहुँचे, जहाँ आयोजित भव्य भजन-कीर्तन के दौरान उन्होंने स्वयं भजन गाकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। इस आयोजन को सफल बनाने में गौरव सिसोदिया, हरीश सिसोदिया और डॉ. रवि सिसोदिया का विशेष सहयोग रहा। जन्माष्टमी के इस पावन पर्व पर पूरा नगर ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंजता रहा। मंदिरों में दर्शन और पूजन के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
शीशे वाले मंदिर पर भव्य आयोजन को सफल बनाने में सूर्यप्रकाश बंसल, टिप्पन वर्मा, प्रथम कंसल, मनमोहन अग्रवाल, कमल बाबा, सुमित गोयल, मोहित गर्ग, वेदप्रकाश विष्णु बाबा, पिंटल अग्रवाल, रोहित पहाड़ी, शेखर गर्ग, हर्षित अग्रवाल, आशू गुप्ता और अनुज बंसल सहित तमाम गणमान्य लोग और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।






