जनसागर टुडे
आजमगढ़ मेहनाजपुर सिधौना / सूरज सिंह – आजमगढ़ जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के सिधौना में करंट की चपेट में आने से एक 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। करंट लगने के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें लालगंज स्थित सौ शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेहनाजपुर थाना क्षेत्र की सिधौना निवासी सुमन पत्नी दिनेश चौहान घर में मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि घर में लगे पंखे में करंट उतर आया था। इसी दौरान सुमन किसी तरह कटे हुए तार की चपेट में आकर गिर गईं। करंट लगने से उनकी हालत गंभीर हो गई। घटना के समय घर में उनकी 21 वर्षीय पुत्री सुप्रिया और सास सोई हुई थीं। महिला के गिरने और शोर होने पर परिवार के लोग तथा आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन और ग्रामीण तत्काल सुमन को उपचार के लिए लालगंज के 100 शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। सुमन के दो बच्चे हैं। उनका 24 वर्षीय पुत्र सूरज मुंबई में रहता है, जबकि 21 वर्षीय पुत्री सुप्रिया घर पर मौजूद थी। मृतका के पति दिनेश चौहान रोजी-रोटी के सिलसिले में खाड़ी देश में नौकरी करते हैं। पत्नी की अचानक मौत की खबर मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।






