जनसागर टुडे
लालगंज आजमगढ़- ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से रक्षाबंधन का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्था की दीदियों एवं भाइयों ने एक-दूसरे को रक्षासूत्र बांधकर पर्व की शुभकामनाएं दीं और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान लालगंज की उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा को भी ब्रह्माकुमारी संस्था की दीदियों ने राखी बांधकर रक्षाबंधन की बधाई दी। एसडीएम नेहा मिश्रा ने संस्था की दीदियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि एक-दूसरे की रक्षा, सम्मान और सहयोग का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि “रक्षाबंधन हमें प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का संदेश देता है। हमें समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और महिलाओं के सम्मान की भावना को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। यह पर्व हमें अपने परिवार के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।” कार्यक्रम में संस्था से जुड़े लोगों ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को प्रेम, शांति और सद्भाव के साथ रहने का संदेश दिया।






