विश्वास पर वार, नौकर लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार, रिपोर्ट दर्ज।
जनसागर टुडे गगन बंसल संवाददाता
जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत किशनपुर गांव में घरेलू नौकर द्वारा मालिक के विश्वास को तार-तार करने का मामला सामने आया है। यहाँ एक नौकर अपने मालिक के घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर फरार हो गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बरामदगी की मांग की है।किशनपुर निवासी हरेन्द्र पुत्र रणवीर ने पुलिस को बताया कि गौरव पुत्र संजय (निवासी ग्राम मुरादपुर, थाना गजरौला) पिछले करीब एक साल से उनके घर पर नौकर के रूप में काम कर रहा था। लगभग एक सप्ताह पहले गौरव अचानक बिना बताए कहीं चला गया। चोरी का पता तब चला जब हरेन्द्र का परिवार एक रिश्तेदारी के कार्यक्रम में जाने की तैयारी कर रहा था। जब घर की अलमारी में रखे सामान और आभूषणों की जांच की गई, तो होश उड़ गए। अलमारी से कीमती सामान गायब था। पीड़ित के अनुसार, चोरी हुए सामान में उनकी पत्नी के आभूषण जैसे लगभग सात तोला सोना (तीन तोला एक सेट और चार तोला अन्य सोना), आठ से दस तोला चांदी की पाजेब, चेन व अन्य आभूषण शामिल हैं साथ ही लाखों रुपये की नगदी भी गायब बताई जा रही है। हरेन्द्र का आरोप है कि जब उन्होंने गौरव से फोन पर संपर्क किया, तो उसने नशे की हालत में चोरी की बात स्वीकार की और सामान वापस ले जाने के लिए उन्हें बुलाया। हालांकि, जब पीड़ित परिवार के साथ गौरव के गांव मुरादपुर पहुंचा, तो वह वहां नहीं मिला और उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आने लगा। परिजनों ने बताया कि वह किसी ‘सोनू’ नामक व्यक्ति के पास है, लेकिन वहां भी वह हाथ नहीं आया। पीड़ित ने तहरीर देकर चोरी हुई नकदी व आभूषण को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है।
वर्जन
—————–
“मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जा रही है। अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”
सुदेश कुमार, कोतवाली प्रभारी






