सड़क किनारे मिला महिला का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी।

जनसागर टुडे गगन बंसल संवाददाता जहांगीराबाद । जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खालौर स्टेडियम के पास सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का नग्न अवस्था में शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला का चेहरा पूरी तरह काला पड़ा हुआ था, जिसके कारण उसकी तत्काल पहचान नहीं हो सकी। शव की स्थिति को देखकर अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह कई दिन पुराना है। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी, जिनमें एसपी ग्रामीण अंतरिक्ष जैन और क्षेत्राधिकारी विकास चौहान शामिल थे, टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। पुलिस फिलहाल महिला की पहचान करने की कोशिश कर रही है। इसके लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने प्रथम दृष्टया अंदेशा जताया है कि महिला की हत्या कहीं और की गई है और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जहांगीराबाद-अनूपशहर रोड पर लाकर फेंका गया है। वहीं अंतरिक्ष जैन एसपी ग्रामीण ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और हत्या के तरीके का पता चल सकेगा। मामले की गहनता से जांच जारी है।






