नई दिल्ली। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों और उत्तर प्रदेश में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं वायनाड सांसद श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा, संगठन प्रभारी सांसद श्री के.सी. वेणुगोपाल, उत्तर प्रदेश प्रभारी श्री राजेंद्र पाल गौतम तथा संगठन सचिवों सहित प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भाग लिया।

बैठक में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं गाजियाबाद की पूर्व लोकसभा प्रत्याशी श्रीमती डॉली शर्मा सहित वरिष्ठ नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और प्रदेश में पार्टी की गतिविधियों को नई गति देने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
नेताओं ने संगठन में आपसी समन्वय बढ़ाने, कार्यकर्ताओं की भूमिका को मजबूत करने तथा जनता के बीच पार्टी की विचारधारा और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर जोर दिया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों के मद्देनजर संगठन को सक्रिय, मजबूत और जनोन्मुखी बनाना रहा। कांग्रेस नेताओं ने एकजुटता, समर्पण और जनसेवा के संकल्प के साथ जनता के विश्वास को मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कांग्रेस का लक्ष्य है—मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और जनहित की बुलंद आवाज के साथ उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को गति देना।






