*ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिए के नीचे दबकर चार वर्षीय मासूम की मौत, परिजनों में मचा कोहराम*
धर्मेंद्र लोधी की रिपोर्ट
डिबाई।तहसील क्षेत्र के सतोहा और करन सिंहपुर गांव के बीच हुए सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिए के नीचे दबकर चार वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, जनपद अलीगढ़ के थाना अतरौली क्षेत्र के गांव नगला हरजी निवासी अनिल अपनी पत्नी और चार वर्षीय पुत्र के साथ बाइक से अपनी ससुराल करन सिंहपुर जा रहे थे। सतोहा और करन सिंहपुर गांव के बीच अचानक एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक असंतुलित होकर गिर गई और उनका चार वर्षीय पुत्र ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। पहिए के नीचे दबने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिल और उनकी पत्नी घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही डिबाई कोतवाली प्रभारी विशाल प्रताप सिंह चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को ढांढस बंधाया और मासूम के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






