जनसागर टुडे
आजमगढ़ मार्टिनगंज – शारदीय नवरात्रि के दृष्टिगत मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत शनिवार, 17 अक्टूबर को तहसील मार्टिनगंज एवं थाना दीदारगंज क्षेत्र में पिंक समाधान दिवस/मिशन शक्ति तहसील दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने की। कार्यक्रम के दौरान महिला फरियादियों सहित आम नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों एवं प्रार्थना पत्रों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना, उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा उनकी शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करना है। यह आयोजन अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। अधिकारियों ने शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया।






