जनसागर टुडे
लालगंज (आजमगढ़)- कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, सरुपहा लालगंज की छात्राओं ने शुक्रवार को लालगंज पुलिस चौकी का भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने चौकी प्रभारी रविन्द्र नाथ पांडेय से संवाद कर पुलिस की कार्यप्रणाली, महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

चौकी प्रभारी रविन्द्र नाथ पांडेय ने छात्राओं को महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा के उपायों और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन पुलिस सहायता नंबर 112 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए इनके उपयोग के बारे में बताया।उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे निडर होकर अपनी शिक्षा पूरी करें। किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या संकट की स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस की सहायता लें। उन्होंने सुरक्षा संबंधी समस्याओं के प्रति सजग रहने और जरूरत पड़ने पर उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने की अपील की। इस अवसर पर विद्यालय के लेखाकार चंद्रेश भारती, वार्डेन श्रीमती शशि कुमारी आर्या और अध्यापिका रीता उपस्थित रहीं। भ्रमण में खुशी, स्नेहा, खुशबू, अर्पिता, दिव्या, साक्षी, जिज्ञासा, चांदनी और रागिनी सहित अन्य छात्राओं ने भाग लिया। पुलिस चौकी के इस भ्रमण से छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने तथा महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में उत्साह देखने को मिला।






