जर्जर दीवार ने छीनी दादी-पोती की जिंदगी, मलबे में दबकर दोनों की मौत
12 वर्षीय कुमकुम की मौत से परिवार में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम।
डीके निगम संवाददाता बुलं
दशहर
बुलंदशहर। अनूपशहर थाना अनूपशहर क्षेत्र के गांव ऐचौरा में रविवार को जर्जर दीवार गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। दीवार के मलबे में दबकर 62 वर्षीय ओमबती देवी पत्नी स्वर्गीय होराम सिंह और उनकी 12 वर्षीय पोती कुमकुम पुत्री सोनपाल तोमर उर्फ सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि कुमकुम परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी। अचानक हुए हादसे में दादी-पोती की एक साथ मौत से ग्रामीण भी स्तब्ध रह गए। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज आदेश कुमार और थाना प्रभारी निरीक्षक जयकिशोर गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
वहीं, घटना की सूचना पर एसडीएम अनूपशहर अरुण कुमार वर्मा और तहसीलदार डॉ. प्रिया सिंह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की जानकारी ली। दादी-पोती की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।






