गाजियाबाद। थाना सिहानी गेट क्षेत्र के पटेल नगर-2 में शनिवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव श्री हरि हॉस्पिटल के सामने छबीलदास रोड पर बिजली के ट्रांसफार्मर के समीप पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष है। उसकी लंबाई करीब 5 फीट 8 इंच, रंग गेहुआं तथा शरीर मजबूत और दोहरा है। चेहरे पर खत वाली दाढ़ी और मूंछ हैं तथा सिर पर काले बाल हैं। मृतक के बाएं हाथ की बाजू और कलाई पर जगह-जगह पुराने कटने के निशान भी पाए गए हैं।
मृतक ने सफेद रंग की कमीज पहन रखी थी, जिस पर हल्के हरे और काले रंग के धब्बे हैं। अंदर सफेद रंग की सैंडो बनियान थी। पैरों में काले रंग का कार्गो जैसा लोअर था, जिसकी साइड की जेबों पर अंग्रेजी में “TRAINING” लिखा हुआ है। अंडरवियर हरे, लाल और सफेद रंग का छींटदार है, जिसकी इलास्टिक पर “Calvin Klein” लिखा हुआ है।
पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों और संबंधित माध्यमों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति उक्त हुलिए से संबंधित युवक को पहचानता हो या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता हो तो थाना सिहानी गेट पुलिस से संपर्क करे।






