जनसागर टुडे
आजमगढ़ लालगंज / सूरज सिंह – जनहित एवं शासकीय कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आजमगढ़ ने जिले के पांच उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उनका तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर दिया है। इस संबंध में 1 जून 2026 को आदेश जारी कर सभी अधिकारियों को अपने नवीन तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार नंदिनी शाह को बूढ़नपुर से स्थानांतरित कर उपजिलाधिकारी/उप जिला मजिस्ट्रेट लालगंज नियुक्त किया गया है। वह 1 दिसंबर 2025 से 29 मई 2026 तक बूढ़नपुर में तैनात थीं। वहीं अविनाश कुमार गौतम को महागत से उपजिलाधिकारी एवं उप जिला मजिस्ट्रेट मार्टिनगंज बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें उपजिलाधिकारी (न्यायिक) मार्टिनगंज का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। राज कुमार बैठा को लालगंज से स्थानांतरित कर उपजिलाधिकारी (न्यायिक) बूढ़नपुर की जिम्मेदारी दी गई है। इसी क्रम में दिव्या सिकरवार को मार्टिनगंज से उपजिलाधिकारी (न्यायिक) निजामाबाद नियुक्त किया गया है। इसके अलावा भूषण सिंह, जो वर्तमान में मेहनगर में उपजिलाधिकारी एवं उप जिला मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें उपजिलाधिकारी (न्यायिक) मेहनगर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि आयुक्त आजमगढ़ मंडल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), मुख्य कोषाधिकारी, संबंधित तहसीलों के उपजिलाधिकारियों तथा आहरण-वितरण अधिकारी कलेक्ट्रेट को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है। प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को कार्यकुशलता और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






