7 के विरुद्ध थाना बीबीनगर पर कराया मुकदमा दर्ज।
पुलिस के हाथों सौंपा गया तमंचा धारी युवक कैसे हो गया फरार
बीबीनगर/बुलंदशहर/मनोज सिंहल (जन सागर टुडे) :स्याना तहसील क्षेत्रांतर्गत ग्राम नंगला कटक थाना क्षेत्र बीबीनगर निवासी रवि गौतम पुत्र धर्मसिंह ने 7 नामजदों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 115(2), 352 तथा 351(3) के तहत दर्ज मुकदमे की विवेचना बीबीनगर थाने पर तैनात उपनिरीक्षक संजय यादव कर रहे हैं। रवि गौतम ने दर्ज कराया है कि 20 अप्रैल की रात सवा 10 बजे घर के बाहर गेट पर चन्द्रपाल पुत्र रिसाल, अभिषेक पुत्र संजय व बिजेन्द्र पुत्र महावीर निवासीगण नंगला कटक, बीबीनगर, तरूण शर्मा व अरुण शर्मा निवासीगण नंगला बागवाला, बीबीनगर, विनित निवासी चन्दपुरा, मयंक पुत्र राकेश शर्मा निवासी नली हुसैनपुर थाना क्षेत्र बाबूगढ़, हापुड़ जिसके हाथ में तमंचा था, उक्त सभी ने पीड़ित रवि गौतम के साथ गाली-गलौच की। रवि द्वारा मना करने पर उक्त सभी ने मारपीट भी की। जैसे ही वहां आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो उक्त नामजद लोग जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भागने लगे। रवि गौतम ने पुलिस को दी तहरीर में अवगत कराया कि मंयक पुत्र राकेश शर्मा, जिसके हाथ में तमंचा था, उसे आसपास के लोगों की मदद से पकड़ लिया गया। इसी दौरान पुलिस वाले वहां आ गए, लेकिन काफी भीड़-भाड़ और अंधेरा होने के कारण मयंक मौके से तमंचा सहित फरार हो गया। रवि गौतम की तहरीर पर थाना बीबीनगर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की है। सवाल उठता है कि आखिर पुलिस के हाथों सौंपा गया तमंचा धारी युवक कैसे फरार हो गया है।






