*चौपाल फाउंडेशन के रोजगार मेले में हजार अभ्यर्थियों किया प्रतिभाग
*
बुलंदशहर/स्याना। क्षेत्र के नवाब फार्म हाउस में चौपाल फाउंडेशन द्वारा आयोजित भव्य रोजगार मेले में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सुबह से ही मेले स्थल पर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं और देखते ही देखते पूरा परिसर हजारों युवक-युवतियों से खचाखच भर गया। रोजगार की तलाश में पहुंचे अभ्यर्थियों में आत्मविश्वास और उम्मीद साफ झलक रही थी।
इस रोजगार मेले में दिल्ली, नोएडा और एनसीआर क्षेत्र की दर्जनों प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। विभिन्न कंपनियों के एचआर प्रतिनिधियों ने अलग-अलग काउंटर लगाकर अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए और उनकी योग्यता, अनुभव व कौशल के आधार पर चयन प्रक्रिया संपन्न की। कई अभ्यर्थियों को मौके पर ही चयन की सूचना दी गई, जिससे उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौपाल फाउंडेशन के अध्यक्ष दर्श वत्स ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना भी है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है और भविष्य में भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से किए जाते रहेंगे।
रोजगार मेले में हापुड़, बुलंदशहर, खुर्जा, जहाँगीराबाद, अनूपशहर, डिबाई, स्याना, गुलावठी सहित दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। कई अभ्यर्थी सुबह-सुबह ही अपने परिजनों के साथ मेले में पहुंच गए थे। आयोजन स्थल पर व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं और पंजीकरण से लेकर साक्षात्कार तक की प्रक्रिया सुनियोजित ढंग से संचालित की गई।
मेले के माध्यम से स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिलने से उत्साह का माहौल बना रहा। अभ्यर्थियों ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के युवाओं के लिए वरदान साबित होते हैं, क्योंकि उन्हें बड़े शहरों में भटकने की आवश्यकता नहीं पड़ती।






