जनसागर टुडे
आजमगढ़ /सूरज सिंह –उत्तर प्रदेश में ठंड और घने कोहरे का प्रकोप चरम पर पहुंच गया है। सर्द पछुआ हवाओं और कोहरे के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बुधवार को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में दोपहर तक धूप नहीं निकली, जिससे गलन बनी रही। सड़क और रेल यातायात पर भी कोहरे का असर देखने को मिला। बुधवार को अयोध्या और आजमगढ़ प्रदेश के सबसे ठंडे जिले रहे, जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए तराई और दक्षिणी यूपी के 24 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 32 जिलों में शीत दिवस की संभावना जताई गई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार 9 से 11 जनवरी के बीच प्रदेश में ठंड और कोहरे से आंशिक राहत मिलने के संकेत हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी तथा कोहरे का घनत्व कम रहेगा। हालांकि 12 जनवरी से एक बार फिर तापमान में गिरावट के साथ मौसम के करवट लेने की संभावना है।घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, जालौन, हमीरपुर, झांसी सहित आसपास के इलाकों में जारी किया गया है। वहीं शीत दिवस की संभावना कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं सहित आसपास के क्षेत्रों में जताई गई है।






