रास्ता निकालने को लेकर खूनी संघर्ष, एक की मौत, 12 घायल
डिबाई क्षेत्र के धरमपुर चौराहे
पर दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे और फावड़े; तीन घायलों की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर
धर्मेंद्र लोधी की रिपोर्ट
डिबाई, बुलंदशहर। डिबाई क्षेत्र के गांव धरमपुर चौराहे पर रास्ता निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और फावड़े चले। हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने कल्लू सिंह को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित पक्ष अपने खेत की निजी भूमि में चकरोड डाल रहा था। आरोप है कि चकरोड के बराबर स्थित ग्राम समाज की भूमि पर कथित रूप से कब्जा किए बैठे कल्लू सिंह ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और आरोप है कि कल्लू सिंह ने करीब आधा दर्जन लोगों के साथ मिलकर दूसरे पक्ष पर फावड़े और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना में कुल 13 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने कल्लू सिंह की मौत की पुष्टि की, जबकि तीन अन्य घायलों की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
निवर्तमान ग्राम प्रधान के अनुसार, आरोपी कल्लू सिंह ने ग्राम समाज की भूमि पर वर्षों से कथित रूप से कब्जा कर रखा था, जबकि पीड़ित पक्ष अपनी निजी भूमि में चकरोड डाल रहा था। वहीं, संघर्ष के दौरान पीड़ितों ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी थी। आरोप है कि घटनास्थल से पुलिस सहायता पहुंचने में करीब आधा घंटा लग गया।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।






