चांदपुर। भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को नगर पालिका परिषद चांदपुर के सभागार में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पालिका अधिशासी अधिकारी श्री कृष्ण कुमार भड़ाना ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालने के लिए विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता दिवस के महत्व पर विचार व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता संग्राम में सरदार पटेल के योगदान और उनके नेतृत्व में हुए आंदोलनों की भूमिका पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद 562 रियासतों में बंटे भारत को एक सूत्र में पिरोकर अखंड राष्ट्र बनाने में सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान अतुलनीय रहा। उनके दृढ़ संकल्प, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने भारत की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने तथा सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हुए एकता शपथ दिलाई गई।
इस दौरान पालिका सफाई निरीक्षक विकास लौहरे, राजस्व निरीक्षक श्याम सुंदर दास, जनगणना प्रशिक्षण में शामिल अध्यापकगण तथा नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।






