बाराही मैया मेले में हादसा: गर्म तेल की कढ़ाई में गिरी दस वर्षीय चिंकी, गंभीर रूप से झुलसी
मामा की मिठाई की दुकान पर हुआ हादसा, परिजनों ने आनन-फानन में सीएचसी जहांगीराबाद में कराया भर्ती
अहार (बुलंदशहर)। अहार क्षेत्र के गांव मौहरसा में आयोजित बाराही मैया मेले में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। मामा की मिठाई की दुकान पर पहुंची करीब दस वर्षीय बालिका चिंकी अचानक गर्म तेल की कढ़ाई की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव मौहरसा में बाराही मैया का मेला लगा हुआ है। मेले में बालिका चिंकी के मामा और मां ने मिठाई की दुकान लगा रखी थी। दोपहर बाद बच्चे भी दुकान पर पहुंच गए। बताया गया कि शनिवार शाम करीब सात बजे चिंकी अपने मामा की दुकान पर पहुंची। उस समय दुकान पर गर्म तेल की कढ़ाई में जलेबी बनाकर बेची जा रही थीं।
इसी दौरान अचानक बैठने के प्रयास में चिंकी गर्म तेल की कढ़ाई में गिर गई। हादसा होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तत्काल बालिका को कढ़ाई से बाहर निकाला और बिना देर किए उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), जहांगीराबाद पहुंचाया, जहां उसे भर्ती कराया गया।
बालिका के साथ उसके मामा निक्की, नानी गीता देवी समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में चिंता का माहौल है।






