अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना ने प्रगणकों और सुपरवाइजरों को दिए निष्पक्षता, ईमानदारी और गोपनीयता के साथ कार्य करने के निर्देश
चांदपुर। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत नगर पालिका परिषद चांदपुर में व्यक्तियों की गणना के लिए प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रथम बैच प्रशिक्षण शिविर पालिका सभागार में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ पालिका चार्ज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना ने किया। इस दौरान नगर पालिका क्षेत्र के 146 जनगणना ब्लॉकों में से 38 प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना ने जनगणना की प्रक्रिया, प्रश्नों के सही उत्तर दर्ज करने, डिजिटल पोर्टल के इस्तेमाल तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करने की बारीकियों को समझाया। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए सभी कर्मचारी इसे पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और सावधानी के साथ संपन्न कराएं।
जनगणना का यह चरण भी डिजिटल माध्यम से संपन्न किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 नवंबर से 30 नवंबर तक नागरिकों को स्व-गणना (SE) के माध्यम से अपनी व्यक्तिगत आईडी का इस्तेमाल कर पोर्टल पर 40 प्रश्नों के उत्तर ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा मिलेगी। स्व-गणना की प्रक्रिया ऐच्छिक होगी, अनिवार्य नहीं।
इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। प्रत्येक जनगणना ब्लॉक में लगभग 150 से 180 मकानों को कवर करते हुए नागरिकों से निर्धारित 40 प्रश्नों के उत्तर प्राप्त कर ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज किए जाएंगे।
यदि किसी नागरिक ने स्व-गणना के दौरान अपने उत्तर पोर्टल पर पहले ही दर्ज कर दिए हैं, तो प्रगणक उनसे संबंधित जानकारी और आईडी के आधार पर दर्ज विवरण की जांच करेंगे। वहीं, स्व-गणना नहीं करने वाले नागरिकों से मौके पर ही आवश्यक जानकारी प्राप्त कर उसे पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में फील्ड ट्रेनर सचिन अग्रवाल, तसलीम अहमद एवं इरशाद अहमद, सहायक चार्ज अधिकारी एवं राजस्व निरीक्षक श्याम सुंदर दास, जनगणना कंप्यूटर ऑपरेटर सचिन एवं सुरेंद्र कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के अध्यापक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
गोपनीयता और निष्पक्षता के साथ कार्य करने के निर्देश….
प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर एवं मास्टर ट्रेनर ने प्रतिभागियों को जनगणना की तकनीकी प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी। दोपहर के बाद चार्ज अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना ने सभागार पहुंचकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अध्यापकों एवं कर्मचारियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने जनगणना से जुड़े विधिक पहलुओं पर जोर देते हुए सभी को निर्देश दिए कि कार्य पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ किया जाए तथा नागरिकों की जानकारी की गोपनीयता बनाए रखी जाए।
पांच बैचों में पूरा होगा प्रशिक्षण कार्यक्रम……
पालिका प्रशासन द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम को तीन दिवसीय पांच बैचों में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम बैच का प्रशिक्षण शुरू हो चुका है। दूसरा बैच 27 से 29 अक्टूबर तक तथा तीसरा बैच 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। शेष दो बैचों का प्रशिक्षण भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 नवंबर तक पूरा किया जाएगा।






