संपूर्ण समाधान दिवस में 68 फरियादियों ने रखीं समस्याएं, 9 का मौके पर निस्तारण

तहसीलदार गौरव बिश्नोई की अध्यक्षता में हुआ आयोजन, मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को किया जागरूक
डीके निगम संवाददाता
शिकारपुर (बुलंदशहर)। शिकारपुर तहसील में शनिवार को तहसीलदार गौरव बिश्नोई की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर कुल 68 फरियादी पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
समाधान दिवस में महिला संबंधी 18 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 9 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए शेष मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि फरियादियों को समय से न्याय मिल सके।
तहसील समाधान दिवस के दौरान मिशन शक्ति अभियान के तहत पिंक बूथ भी लगाया गया। मिशन शक्ति टीम प्रभारी दीप्ति यादव ने महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के बारे में जानकारी दी।
इस मौके पर एडीओ पंचायत शेरपाल सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी अमन गुप्ता, अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह, मिशन शक्ति टीम प्रभारी दीप्ति यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






