जनसागर टुडे
जनता दर्शन में मिली शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की जांच, पंजीकरण नहीं मिलने पर की गई कार्रवाई
आजमगढ़ – मिशन शक्ति अभियान के तहत एक दिन की जिलाधिकारी बनीं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा खुशी सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए खरियानी बाजार में संचालित एक अपंजीकृत डेंटल क्लिनिक को सील कर दिया। जनता दर्शन के दौरान मिली शिकायत के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने मामले की जांच के निर्देश दिए थे। जांच के दौरान डेंटल क्लिनिक का आवश्यक पंजीकरण नहीं मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। कलेक्ट्रेट स्थित जनता दर्शन कक्ष में आम नागरिकों की समस्याएं सुनने के दौरान खरिहानी निवासी शिवकुमार मौर्य ने क्षेत्र में कथित रूप से अवैध क्लिनिक संचालित होने की शिकायत की थी। उस समय एक दिन की जिलाधिकारी की भूमिका निभा रहीं खुशी सिंह ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।शिकायत के क्रम में सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा ने शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम को खरियानी बाजार भेजकर जांच कराई। टीम में डिप्टी सीएमओ एवं निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान के नोडल अधिकारी डॉ. मोहनलाल तथा पटल सहायक धीरेन्द्र शुक्ल शामिल रहे।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर चिकित्सा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान भवन के एक हिस्से में आयुर्वेदिक पद्धति से उपचार की व्यवस्था पंजीकृत पाई गई। निर्धारित मानकों के अनुरूप होने के कारण इस हिस्से को संचालित रहने दिया गया। वहीं, भवन के अंदरूनी हिस्से में ‘दांत का अस्पताल’ नाम से एक डेंटल क्लिनिक संचालित मिला। क्लिनिक पर बीडीएस (BDS) का बोर्ड लगा हुआ था, लेकिन चिकित्सा प्रतिष्ठान के संचालन के लिए आवश्यक पंजीकरण नहीं पाया गया। निरीक्षण के समय क्लिनिक में कोई मरीज मौजूद नहीं था। जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अपंजीकृत डेंटल क्लिनिक को सील कर दिया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने स्पष्ट किया कि जनपद में संचालित निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के लिए निर्धारित पंजीकरण और अन्य वैधानिक प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग गंभीरता से कार्रवाई कर रहे हैं। वहीं, एक दिन की जिलाधिकारी बनीं छात्रा खुशी सिंह के निर्देश पर शिकायत की जांच और उसके बाद हुई कार्रवाई मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं की प्रशासनिक भागीदारी और जनसमस्याओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता को भी दर्शाती है।






