जनसागर टुडे
आजमगढ़ बरदह / सूरज सिंह – आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र के शादीपुर गांव में शुक्रवार को बिजली का बोर्ड ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शादीपुर गांव निवासी सर्वेश गुप्ता (35) पुत्र स्वर्गीय श्याम नारायण गुप्ता अपने नए मकान की साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान वह बिजली का बोर्ड ठीक करने लगे। बोर्ड ठीक करते समय अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें बचाने का प्रयास करते, इससे पहले ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना पर डायल 112 की टीम के साथ ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद पटेल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। बताया गया कि मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था और इलेक्ट्रिशियन का कार्य करता था। उसके परिवार में पत्नी पिंकी के अलावा सात वर्षीय एक पुत्र और तीन वर्षीय एक पुत्री है। घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी पिंकी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चाचा रामसुख गुप्ता ने मामले में थाने पर तहरीर दी है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।






