पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर केसरिया दूध के भंडारे का आयोजन
-विधायक संजय शर्मा ने किया केसरिया दूध वितरण
जनसागर टुडे गगन बंसल संवाददाता
जहांगीराबाद। पुरुषोत्तम मास के पवित्र महीने में जहांगीराबाद नगर भक्ति और सेवा के रंग में सराबोर नजर आ रहा है। इसी कड़ी में रविवार को सब्जी मंडी चौराहे (अग्रसेन चौराहा) पर महाराजा अग्रसेन जन्मोत्सव सेवा समिति द्वारा एक विशेष सेवा कार्य का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर राहगीरों और स्थानीय निवासियों को तपती गर्मी से राहत देने के लिए ठंडे केसरिया दूध का वितरण किया गया।
विधायक संजय शर्मा ने की सेवा कार्यों की सराहना
——————————–
———
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक संजय शर्मा, सभासद मनमोहन अग्रवाल और भाजपा मंडल अध्यक्ष कैलाश चंद सैनी ने संयुक्त रूप से किया। विधायक संजय शर्मा ने स्वयं केसर दूध वितरित कर सेवा कार्य में सहभागिता की।
इस अवसर पर विधायक संजय शर्मा ने कहा कि पुरुषोत्तम मास धर्म, साधना और आत्म-शुद्धि का अत्यंत पावन समय है। इस तपती गर्मी में प्यासे को ठंडा दूध, पानी या कुछ भी पेय पदार्थ पिलाना सबसे बड़ा पुण्य है। ऐसे सत्कर्मों से व्यक्ति को अक्षय फल की प्राप्ति होती है। उन्होंने समिति के इस निस्वार्थ प्रयास की भूरी-भरी प्रशंसा करते हुए कहा कि परोपकार ही ईश्वर की सच्ची सेवा है।
प्रत्येक रविवार को जारी रहेगा सेवा का क्रम
—————————————-
महाराजा अग्रसेन जन्मोत्सव सेवा समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि यह सेवा कार्य केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। पुरुषोत्तम मास की महिमा को देखते हुए समिति द्वारा इस पूरे महीने के प्रत्येक रविवार को सब्जी मंडी चौराहे पर इसी प्रकार भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति ने नगर के सभी वासियों और राहगीरों से बढ़-चढ़कर प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है।
सेवा में जुटे रहे गणमान्य जन
इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में जितेंद्र कुमार, विष्णु ठेकेदार, सानू बंसल, दीपक (दीप स्वीट्स), विवेक गोयल, मोहित कंसल, गोपाल स्वरूप, सुधीर गोयल, नरेश बंसल और तुषार कंसल सहित अग्रवाल समाज के तमाम सदस्यों ने बढ़-चढ़कर श्रमदान किया। साथ ही, सभासद ओमप्रकाश लोधी, सभासद राजकुमार और सभासद पति गौरव सिसोदिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे, जिन्होंने उत्साहपूर्वक सेवा कर पुण्य लाभ अर्जित किया।






