गायत्री नगर में भक्ति की बयार, श्रीमद्भागवत कथा में उमड़ा श्रद्धालुओं का ज
नसैलाब
जनसागर टुडे गगन बंसल संवाददाता
जहांगीराबाद। नगर के गायत्री नगर में इन दिनों धर्म और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। यहाँ आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ ले रहे हैं। कथा के तीसरे दिन पूरा पंडाल कृष्ण भक्ति के रंग में डूबा नजर आया।
बीती 21 मई से प्रारंभ हुई इस पावन कथा के तीसरे दिन कथा व्यास युवराज नंदन महाराज ने अपने ओजस्वी प्रवचनों से उपस्थित भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महाराज जी ने कथा के दौरान जीवन में भक्ति और सदाचार के महत्व पर प्रकाश डाला। उनके मुखारविंद से श्रीकृष्ण कथा सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। इस दौरान भजनों की मधुर धुनों पर भक्त झूमते हुए दिखाई दिए। कथा स्थल पर महिलाओं की विशेष उपस्थिति रही। भारी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं का उमड़ता जनसैलाब नगर वासियों की गहरी धार्मिक आस्था को दर्शाता है। धर्मप्रेमियों का उत्साह यह साबित कर रहा है कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और भक्ति का संचार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस सात दिवसीय भागवत महापुराण के मुख्य यजमान मोहित गोयल एवं गीता गोयल हैं। यजमान दंपत्ति द्वारा पूरे विधि-विधान और पूर्ण निष्ठा के साथ अनुष्ठान संपन्न कराया जा रहा है। आयोजकों का मानना है कि श्रीमद्भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजन न केवल आत्मिक शांति प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में संस्कार और सकारात्मकता का संचार भी करते हैं।






