-
- माधोगढ़ हवाई फायरिंग का अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में घायल

- माधोगढ़ हवाई फायरिंग का अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में घायल
स्याना/बुलंदशहर,
मनोज सिंहल जन सागर टुडे :स्याना सर्किल के पुलिस क्षेत्राधिकारी रामकरन सिंह ने बताया कि बीती 14 मई को थाना खानपुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम माधोगढ़ में 2 पक्षों के मध्य रास्ता निकालने को लेकर हवाई फायरिंग की घटना हुई थी। उक्त घटना के सम्बन्ध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना खानपुर पर भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। प्रकरण में पुलिस द्वारा 2 अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जिसमें 1 अभियुक्त शौकेन्द्र निवासी माधोगढ़ द्वारा बताया गया कि उसने एक अवैद्य असलाह गुरावली गांव के पास सड़क के किनारे छिपाकर रखा है। 15/16 मई की रात थाना खानपुर पुलिस अभियुक्त शौकेन्द्र की निशानदेही पर असलाह बरामदगी हेतु गुरावली गांव के पास पहुंची। इसी दौरान अभियुक्त शौकेन्द्र ने मौका पाकर अवैध असलाह से फायरिंग करते हुए पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम द्वारा की गयी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसको घायलावस्था में गिरफ्तार किया गया। घायल बदमाश को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश के कब्जे से अवैध असलहा व कारतूस बरामद हुआ। सीओ ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके विरुद्ध थाना खानपुर, कोतवाली जहांगीराबाद तथा कोतवाली सिकंदराबाद पर 8 अभियोग पंजीकृत हैं। अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे थे। बताया कि अभियुक्त की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के संबंध में थाना खानपुर पर अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। गिरफ्तार करने वाली थाना खानपुर पुलिस टीम में रितेश कुमार सिंह थाना प्रभारी खानपुर व पुलिसकर्मी रहे।






