जेपी विद्या मंदिर के शिक्षार्थियों को मिली उत्कृष्ट सफलता।
स्याना/बुलंदशहर,

मनोज सिंहल जन सागर टुडे :
स्याना क्षेत्र की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था जेपी विद्या मंदिर चांदपुर के कक्षा 12 सीबीएसई के शिक्षार्थियों ने वार्षिक परीक्षा परिणाम में शानदार सफलता हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन कर दिया। विद्यालय समन्वयक डॉ धर्मेंद्र कुमार वर्मा ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि शैक्षिक सत्र 2025-26 का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। 12वीं कक्षा में कुल 77 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिसमें 69 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की। जिसमें 7 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक और 31 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। विभिन्न विषयों में 9 छात्र-छात्राओं ने अधिकतम 100 अंक प्राप्त किए। विद्यालय की तीनों संकायों विज्ञान, वाणिज्य, कला में छात्र-छात्राओं का श्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। 12वीं विज्ञान संकाय के छात्र शांतनु आर्य ने 96.2 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान एवं वाणिज्य संकाय से वर्षा राणा 96 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान तथा कला संकाय की छात्रा दिया गर्ग ने 94.4 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।सभी विद्यार्थियों के अभिभावकों से विद्यालय के कोऑर्डिनेटर डॉ धर्मेंद्र कुमार वर्मा ने दूरभाष द्वारा शुभकामनाएं प्रेषित की। विद्यालय के प्रधानाचार्य गौरव शर्मा एवं समस्त शिक्षकों ने सभी विद्यार्थियों को उनकी शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभ कामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग तथा शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन को दिया। प्रधानाचार्य ने कहा कि परीक्षा परिणाम विद्यार्थियों की लगन और शिक्षकों की उत्कृष्ट शिक्षण व्यवस्था का प्रमाण है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विद्यालय के छात्र भविष्य में भी इसी प्रकार सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे तथा विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।






