गाजियाबाद– 06 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी के 44वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा ने अपने कार्यालय पर लाजपत नगर मंडल, भोपुरा मंडल, शालीमार गार्डन मंडल, नंदग्राम मंडल, अर्थला मंडल एवं मोहन नगर मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं को भाजपा के झंडे वितरित किए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और संगठन की मजबूती के लिए संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचारधारा, संस्कार और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि 6 अप्रैल को सभी अपने घरों, कार्यालयों और प्रतिष्ठानों पर भाजपा का झंडा लगाएं और विशेष साज-सज्जा करें, जिससे पूरे क्षेत्र में पार्टी के प्रति उत्साह और गर्व का वातावरण बने।

इस अवसर पर सभी पांच मंडलों के भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण को दोहराते हुए संकल्प लिया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
भाजपा: विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी- सुनील शर्मा
कैबिनेट मंत्री एवं साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की नीति-निर्देशों के चलते भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण ही इस संगठन की ताकत है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ स्थापना दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेने का दिन है।






