जनसागर टुडे संवाददाता
साहिबाबाद(एसपी चौहान)। थाना साहिबाबाद क्षेत्र की लाजपत नगर कॉलोनी में शादी से पहले बैचलर पार्टी के दौरान लाइसेंसी हथियार से हर्ष फायरिंग करने के दौरान दूल्हे की दोस्त की मौत हो गई। इस मामले में दूल्हा सहित दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा करीब आधा दर्जन युवकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
एसपी द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि लाजपत नगर निवासी हिमांशु शर्मा उर्फ चड्डा की बुधवार को बरात जानी थी। एक दिन पहले मंगलवार की रात को उसने अपने दोस्त सूरज राय पुत्र विनोद राय निवासी बी209बी लाजपत नगर के यहां बैचलर पार्टी रखी थी। बैचलर पार्टी के दौरान हिमांशु शर्मा के दोस्त हरिओम त्यागी द्वारा लाइसेंसी हथियार से फायरिंग करने के दौरान एक गोली सूरज राय उम्र 26 को लग गई। घटना के तुरंत बाद घायल सूरज राय को उसके दोस्त मैक्स हॉस्पिटल वैशाली में इलाज के लिए ले गए। लेकिन वे घायल को अस्पताल में अकेला छोड़ कर भाग आए। सूरज राय की जांच के बाद अस्पताल के चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दियाऔर घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने इस मामले में गोली चलाने के आरोपी हरिओम त्यागी और आज की बारात के दूल्हा हिमांशु शर्मा उर्फ चड्ढा को गिरफ्तार कर लिया है। इनके अलावा करीब आधा दर्जन दोस्तों जिनमें अभिषेक त्यागी, ठाकुर विक्की सिंह सहित की तलाश पुलिस कर रही है। सभी के खिलाफ गैर राशन हत्या का मामला थाना साहिबाबाद में दर्ज किया गया है।
गौरतलब है हिमांशु शर्मा उर्फ चड्डा लाजपत नगर का दबंग युवक बताया जाता है और इससे पहले भी उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। वह पार्षद का चुनाव भी लड़ चुका है और एक राजनैतिक पार्टी का सक्रिय कार्यकर्ता बताया जाता है।






