जनसागर टुडे
आजमगढ़ /अजय सिंह – सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को तेज करते हुए विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों की द्वितीय सूची जारी कर दी है। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (युवा मंच) हेमंत सिंह को 347-आजमगढ़ सदर विधानसभा का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस संबंध में आज पार्टी की राष्ट्रीय कार्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कार्यालय, लखनऊ में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी चुनावी रणनीति, जनहित के मुद्दों तथा पार्टी के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री , राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव तथा राष्ट्रीय प्रमुख प्रवक्ता सहित राष्ट्रीय कार्य समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, वंचित एवं पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा तथा प्रदेश के विकास में पार्टी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति को संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
पार्टी नेतृत्व ने संगठन को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया। हेमंत सिंह की नियुक्ति को आजमगढ़ सदर विधानसभा में पार्टी संगठन को मजबूती प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।






