गंगा स्नान के लिए जा रहे बाइक सवार युवकों की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर, एक की मौत, चार घायल
जनसागर टुडे गगन बंसल संवाददाता
जहांगीराबाद। सोमवार सुबह जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब युवक गंगा दशहरा के अवसर पर स्नान करने के लिए जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खुर्जा क्षेत्र के कुछ युवक बाइक पर सवार होकर गंगा स्नान के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी बाइक सांखनी पुल के समीप आहार रोड पर पहुंची, सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर काफी दूर जा गिरे। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार लोग भी गंगा स्नान कर वापस लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस तत्काल मौके पर पहुँची। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने सचिन लगभग (20 वर्ष) पुत्र भगेंद्र, निवासी गाँव सुखला (खुर्जा) को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में शंकर पुत्र सुरेश, राजेश पुत्र सुरेश, राकेश पुत्र सुशीलपाल निवासी सुखला खुर्जादेहात व अमित पुत्र जगवीर निवासी खाजपुर लखावटी – ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। आनन फानन में सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया।
पुलिस की कार्रवाई
——————————
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।






