
डीके निगम संवाददाता बुलंदशहर
बुलंदशहर/स्याना:
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया व सार्वजनिक मंचों पर कथित तौर पर आपत्तिजनक बयान देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शनिवार को ‘विश्व सनातन हिंदू फाउंडेशन’ के पदाधिकारियों ने बुलंदशहर के स्याना तहसील में पुलिस क्षेत्राधिकारी के माध्यम से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को एक शिकायती पत्र सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
बुलंदशहर के स्याना में सौंपे गए इस ज्ञापन में संगठन के संस्थापक व अध्यक्ष ज्ञानेश चौहान ने आरोप लगाया कि संजय भाटी नामक व्यक्ति द्वारा पिछले कुछ समय से सार्वजनिक मंचों और विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए प्रदेश के मुख्यमंत्री और कानून व्यवस्था को लेकर अत्यंत आपत्तिजनक, भ्रामक और समाज में वैमनस्य (कड़वाहट) फैलाने वाले बयान दिए जा रहे हैं।
संगठन का आरोप है कि उक्त बयानों में आगामी चुनावों को प्रभावित करने के उद्देश्य से हिंदू-मुस्लिम के नाम पर वोट लेने जैसे गंभीर और आधारहीन आरोप भी लगाए गए हैं। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, इस प्रकार के गैर-जिम्मेदाराना और भड़काऊ वक्तव्यों से क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
संगठन ने पुलिस प्रशासन के सामने रखीं ये 4 मुख्य मांगें:
निष्पक्ष जांच: संजय भाटी द्वारा दिए गए बयानों की तत्काल और निष्पक्ष जांच कराई जाए।
तत्काल एफआईआर: मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में तुरंत मुकदमा दर्ज हो।
कठोर कार्रवाई: समाज में शांति व्यवस्था भंग करने और धार्मिक भावनाएं आहत करने के प्रयास पर सख्त कानूनी एक्शन लिया जाए।
भविष्य में रोक: सोशल मीडिया या अन्य मंचों पर इस प्रकार के समाज-विरोधी और भड़काऊ बयानों को रोकने के लिए प्रशासन प्रभावी कदम उठाए।
”बिना किसी ठोस प्रमाण के इस तरह के बयान देकर समाज को विभाजित करने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास किया जा रहा है, जो अत्यंत निंदनीय है। हमें पूर्ण वि
श्वास है कि पुलिस प्रशासन निष्पक्षता से काम करते हुए इस पर त्वरित कार्रवाई करेगा।”






