लार्ड कृष्णा स्कूल ने की अनोखी पहल, शनिवार को मनेगा ‘वाहन मुक्त दिवस’।
जनसागर टुडे गगन बंसल संवाददाता
जहांगीराबाद। पर्यावरण
संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए कोतवाली क्षेत्र के गांव रौरा स्थित लार्ड कृष्णा स्कूल के विद्यालय प्रशासन ने एक विशेष मुहिम की शुरुआत की है। विद्यालय ने अपने सभी कर्मचारियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस अभियान को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग दें।विद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, यह फैसला प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रहित में की गई ईंधन बचत की अपील और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन में लिया गया है। इस कदम का मुख्य उद्देश्य देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना और भावी पीढ़ी को जागरूक करना है। विद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि उनका उद्देश्य ईंधन की बचत, ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और एक स्वस्थ वातावरण की स्थापना करना। साथ ही अपील करते हुए कहा कि सभी लोग निजी वाहनों का कम से कम प्रयोग करें। सप्ताह में एक दिन, यानी शनिवार को “वाहन मुक्त दिवस” (नो व्हीकल डे) के रूप में मनाया जाएगा। विद्यालय प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि इस विशेष दिन (शनिवार) को लोग अपने निजी और सरकारी वाहनों को छोड़कर अधिक से अधिक सार्वजनिक वाहनों (पब्लिक ट्रांसपोर्ट) का प्रयोग करेंगे या पैदल/साइकिल से सफर करेंगे। प्रशासन का मानना है कि इस छोटे से बदलाव से बड़े पैमाने पर ईंधन की बचत और वायु प्रदूषण में कमी लाई जा सकती है।






