
गगन बंसल संवाददाता
जहांगीराबाद। धर्म और आस्था की नगरी जहांगीराबाद में श्री राधारमण लालजू का 484वां प्राकट्योत्सव इस वर्ष बेहद भव्य तरीके से मनाया जाएगा। शुक्रवार यानि आज नगर के आरसी फार्म हाउस में आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम के आयोजक सुमित गोयल और विक्की गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्सव का शुभारंभ आज शाम 6 बजे से होगा। कार्यक्रम की शुरुआत दिव्य संकीर्तन से की जाएगी, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे। संकीर्तन के पश्चात प्रभु की विशेष ‘भोजन प्रसादी’ का भी वितरण किया जाएगा। इस महोत्सव की खास बात यह है कि इसमें ब्रज भूमि की दिव्यता देखने को मिलेगी। इस प्राकट्योत्सव पर ब्रज के प्रमुख मंदिरों के सेवायत अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। प्रसिद्ध भक्तमाली नवनीत प्रियादास जी का सानिध्य प्राप्त होगा। विशेष रूप से किन्नर समाज के लोग भी इस मांगलिक उत्सव में शामिल होंगे। आयोजकों ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में नगर के सैकड़ों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और पूरे परिसर को उत्सव के अनुरूप सजाया जा रहा है। सुमित गोयल व विक्की गोयल ने सभी धर्मप्रेमियों से इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर पुण्य लाभ कमाने की अपील की है।






