जनसागर टुडे
आजमगढ़ मेहनाजपुर/ सूरज सिंह –जनपद के मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के पचरुखा गांव के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब शादी समारोह से लौट रही दो बाइकें तेज रफ्तार में आमने-सामने टकरा गईं। जानकारी के अनुसार, गाजीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र निवासी धर्मेंद्र यादव (29) और अंकित यादव (17) जौनपुर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार हर्ष चौहान (19), सत्येंद्र चौहान (26) और सामंत चौहान (15) हादसे में घायल हो गए। तीनों को गंभीर हालत में आजमगढ़ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






