जनसागर टुडे
जौनपुर- उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सांपों का रेस्क्यू करने वाले युवक मुरली वाले हौसला को एक कोबरा सांप ने डस लिया। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मुरली वाले हौसला सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं। वह रेस्क्यू का वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया एकाउंट से पोस्ट करते हैं। उनके यूट्यूब पर 15.8M, फेसबुक पर पर 5.5M और इंस्टाग्राम पर 2.5M फॉलोवर्स हैं। वो अब तक करीब 8 हजार सांप पकड़ चुके हैं। सर्पदंश का शिकार होने की खबर मिलते ही उनके फैंस बेहद दुखी हैं और उनकी सलामती के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं। मुरली वाले हौसला जलालपुर में एक जाल में फंसे कोबरा सांप को बचाने गए थे, तभी यह घटना हुई। सांप के काटने से उनकी हालत बिगड़ने लगी थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वह जौनपुर के बक्सा थाना क्षेत्र के बेलापार गांव के रहने वाले हैं। मंगलवार को उन्हें सूचना मिली कि एक कोबरा सांप जाल में फंसकर तड़प रहा है। वह अपनी टीम के साथ रेस्क्यू करने जलालपुर पहुंचे थे। रेस्क्यू के दौरान सांप ने उन्हें डस लिया। जहरीला सांप होने से उनकी हालत बिगड़ने लगी। फिलहाल अब उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।