जनसागर टुडे
लगा 56 भोग, श्रद्धालुओं ने पिया प्रसाद ग्रहण …संत प्रसाद अग्रवाल
आजमगढ़। शहर के चौक स्थित श्री बांके बिहारी लाल जी के मंदिर में दीपावली के अगले दिन अन्नकूट महोत्सव, गोवर्धन पूजा और गौ सेवा का भव्य आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को 56 प्रकार के व्यंजनों का छप्पन भोग अर्पित किया गया। जयकारों, शंखनाद और घंट-घड़ियाल की गूंज से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। भगवान के मनमोहक स्वरूप और झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग गया। कार्यक्रम के दौरान गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत का निर्माण कर उसे कौड़ी, अमरूद की डालियों और कदंब के फूलों से सजाया गया। विधि-विधान से गोवर्धन पर्वत और गौमाता की पूजा, आरती और परिक्रमा की गई। दशकों पुरानी इस परंपरा में 56 भोग लगाने के पीछे यह पौराणिक मान्यता है कि इंद्र के कोप से गोकुलवासियों को बचाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने सात दिन तक गोवर्धन पर्वत उठाया था। श्रद्धालुओं में यह अटूट विश्वास है कि अन्नकूट का प्रसाद ग्रहण करने से पूरे वर्ष अन्न-धन और स्वास्थ्य की कोई कमी नहीं रहती। पूजा-अर्चना के पश्चात शाम को एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने कढ़ी-चावल, पूरी-कचौड़ी, सब्जी और खीर का प्रसाद छका। मंदिर प्रबंधन से जुड़े संत प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि दर्शन और प्रसा दी के लिए महिलाओं की भारी भीड़ को देखते हुए उनके लिए मंदिर के अंदर विशेष व्यवस्था की गई थी। इस पूरे धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में प्रभु नाथ अग्रवाल, शशि भूषण, गौरी शंकर, इंदु भूषण, सुमित कुमार अग्रवाल एवं अजय अग्रवाल, गोपाल दास अग्रवाल, आशीष अग्रवाल सहित आयोजक मंडल के कई कार्यकर्ताओं ने अपनी अहम भूमिका निभाई।






