नारायण मैरिज होम में शस्त्र पूजन कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व सांसद, दिया सामाजिक एकता का संदेश
-लोनी –
लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र स्थित नारायण मैरिज होम में शनिवार को शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया और उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में बृजभूषण शरण सिंह ने देश में आपसी सौहार्द, सामाजिक एकता और भाईचारे को बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नफरत से देश चलने वाला नहीं है। देश को मजबूत बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को एक-दूसरे के साथ मिलकर चलना होगा।उन्होंने कहा कि आपसी मतभेद और विचारों की भिन्नता के बावजूद लोगों के बीच प्रेम और सम्मान की भावना बनी रहनी चाहिए। समाज में नफरत फैलाने के बजाय आपसी विश्वास और सद्भाव को बढ़ावा देने की जरूरत है।शस्त्र पूजन की परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में शस्त्र पूजन का विशेष महत्व है। शस्त्र शक्ति और सुरक्षा के प्रतीक हैं। शस्त्रों के प्रति सम्मान के साथ जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना भी जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान धार्मिक और सामाजिक परंपराओं के साथ देश की एकता और अखंडता बनाए रखने पर जोर दिया गया। सांसद के संबोधन में आपसी भाईचारे और नफरत से दूर रहने का संदेश प्रमुख रहा।इस अवसर पर रोहित चौहान, विजय बहादुर सिंह, सुनील भाटी, संगीता ठाकुर, निशा ठाकुर, मनीष ठाकुर, पुलिस विभाग की कड़ी सुरक्षा बॉर्डर थाना इंचार्ज मुकेश सोलंकी सहित समस्त क्षत्रिय समाज के लोग उपस्थित रहे।






