सलगवां गांव में अज्ञात महिला के नग्न शव मिलने के मामले में पुलिस का बड़ा खुलासा।

-कानपुर रेप पीड़िता की हत्या कर 450 किमी दूर फेंका शव
जनसागर टुडे गगन बंसल संवाददाता
जहांगीराबाद/बुलंदशहर/ उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कानपुर की एक रेप पीड़िता की हत्या कर उसके शव को हत्यारों ने करीब 450 किलोमीटर दूर जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में फेंक दिया था। पुलिस की सघन जांच के बाद अब इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझ गई है।
जानकारी के अनुसार कानपुर निवासी एक 21 वर्षीय युवती ने बीती 19 मई को कानपुर के बर्रा थाने में एक अस्पताल संचालक देवकांत उत्तम और एंबुलेंस चालक विवेक पटेल के खिलाफ शारीरिक शोषण (रेप) का मुकदमा दर्ज कराया था। एफआईआर दर्ज होने के दो – तीन दिनों बाद 22 मई को युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। युवती के परिजनों ने अपहरण और हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से गुहार लगाई। उधर, 23 मई को जिला बुलंदशहर के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव सलंगवा के समीप सड़क किनारे पुलिस को एक अज्ञात युवती का नग्न अवस्था में शव बरामद हुआ था। पुलिस ने शिनाख्त के तमाम प्रयास किए, आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की और गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाले, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंततः पहचान न हो पाने के कारण पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए युवती के शव को अज्ञात मानकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। कानपुर पुलिस ने जब लापता युवती के मामले में जांच तेज की, तो शक की सुई मुकदमे में नामजद आरोपियों की ओर मुड़ गई। कानपुर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ के लिए एंबुलेंस चालक विवेक पटेल को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने युवती की हत्या करने और शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे 450 किलोमीटर दूर जहांगीराबाद क्षेत्र में फेंकने की बात स्वीकार कर ली। मामले का मुख्य आरोपी अस्पताल संचालक देवकांत उत्तम पहले ही कोर्ट में सरेंडर कर चुका है।
जांच के दायरे में पुलिस व्यवस्था450
—————————————-
इस वीभत्स घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। रेप का मुकदमा दर्ज कराने वाली पीड़िता की सुरक्षा न कर पाना और अपराधियों द्वारा सबूत मिटाने के लिए शव को इतनी दूर फेंक देने की दुस्साहसिक वारदात ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्तमान में कानपुर और बुलंदशहर पुलिस इस मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है ताकि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।






